Jal Jeevan Mission: रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत काम पूरा करने के बावजूद निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को लंबे समय से भुगतान नहीं मिल पा रहा है। करीब ढाई साल से बकाया राशि के लिए परेशान ठेकेदार अब आंदोलन की राह पर हैं। छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में 27 अक्टूबर को रायपुर में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान ठेकेदार घड़ी चौक से अंबेडकर चौक तक अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बीरेश शुक्ला के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से निर्माण एजेंसियों का करीब 5,000 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। जल जीवन मिशन के तहत मल्टी विलेज योजना, सिंगल विलेज योजना, एमबीएस योजना, सोलर आधारित योजना, रनिंग वाटर योजना और नलकूप खनन सहित विभिन्न योजनाओं में काम कराया गया है। इसके बावजूद ठेकेदारों को भुगतान नहीं मिल पाया है।
Jal Jeevan Mission: भुगतान में देरी का असर अब ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ रहा है। काम पूरा करने के लिए कई ठेकेदारों ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से कर्ज लिया था, लेकिन बकाया राशि नहीं मिलने के कारण वे बैंक की किस्तें चुकाने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। एसोसिएशन का दावा है कि आर्थिक दबाव के चलते कुछ ठेकेदारों को आत्महत्या जैसा कदम उठाने तक की नौबत आई है।
Jal Jeevan Mission: वहीं, जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों तक नल के जरिए स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। लेकिन भुगतान संकट के कारण योजनाओं के संचालन और रखरखाव पर भी असर पड़ने की बात सामने आ रही है। अब ठेकेदारों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर सड़क पर उतरने का फैसला किया है।