NHM employees: रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ ने दीपावली से पहले कर्मचारियों को मासिक वेतन एवं लंबित वार्षिक वेतन वृद्धि के एरियर्स का भुगतान करने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सेक्टर-19, नवा रायपुर को पत्र लिखकर सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
प्रदेश के दूरस्थ वनांचल, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों तथा मेडिकल कॉलेजों में लगभग 20 हजार एनएचएम अधिकारी-कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं।
संघ के कार्यकारिणी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे एवं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने कहा कि सीमित वेतन एवं सुविधाओं के बावजूद एनएचएम कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में दीपावली से पहले वेतन और एरियर्स का भुगतान होने से कर्मचारियों को परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने तथा त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाने में मदद मिलेगी।
NHM employees: संघ ने मिशन संचालक से मांग की है कि कर्मचारियों की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए जिलों को शीघ्र निर्देश जारी किए जाएं, ताकि प्रदेश के हजारों एनएचएम कर्मचारियों को दीपावली से पहले राहत मिल सके।