Raigarh Police Action: गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार में बैंक के बाहर से मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये पार करने वाले अंतर-जिला नट गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर काम कर रही तमनार पुलिस की विशेष टीम ने सात दिनों तक पड़ोसी जिले जशपुर में डेरा डालकर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य धर्मेंद्र नट उर्फ धर्मेंद्र मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, डिक्की तोड़ने के औजार और चोरी के पैसों से खरीदी गई एक नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
8 जून को हुई थी वारदात
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल (60 वर्ष) ने 8 जून 2026 को थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपेक्स बैंक तमनार से 2 लाख रुपये निकाले थे और उसे अपनी बाइक की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय के बाहर खड़े हो गए थे। महज 20 मिनट बाद जब वे लौटे, तो डिक्की टूटी हुई थी और उसमें रखे 2 लाख रुपये गायब थे। तमनार पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, जशपुर में दी दबिश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया। टीम ने अपेक्स बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदेही विशाल उर्फ हरि नट और धर्मेंद्र नट की पहचान हुई। जांच में पता चला कि विशाल नट पहले से ही किसी अन्य चोरी के मामले में बैकुंठपुर जेल में बंद है, जबकि उसका साथी धर्मेंद्र जशपुर में सक्रिय है। पुलिस टीम ने तत्काल जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर में घेराबंदी कर धर्मेंद्र नट (40 वर्ष) को दबोच लिया, जबकि उसके कुछ साथी भागने में सफल रहे।
चोरी के पैसों से खरीदी नई अपाचे बाइक
पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र मीणा ने कबूल किया कि उसने अपने साथी विशाल के साथ मिलकर तमनार अपेक्स बैंक के बाहर रेकी की थी और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया था। बंटवारे में मिले 1 लाख रुपये से उसने अपने शौक पूरे करने के लिए एक नई टीवीएस अपाचे बाइक खरीद ली थी। पुलिस ने करीब 2 लाख रुपये मूल्य की दोनों मोटरसाइकिलें और डिक्की तोड़ने के लोहे के औजार जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए आम जनता को बैंक से मोटी रकम निकालते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।









