इंदौर। Nishaanebaz.com-Indore T20 Match Clash: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर स्थित ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया तीसरा टी-20 मुकाबला जहां एक ओर भारतीय टीम की रोमांचक जीत का गवाह बना, वहीं दूसरी ओर दर्शक दीर्घा में हुई हिंसक झड़प के कारण चर्चा में आ गया। मैच के दौरान खेल के रोमांच के बीच कुछ क्रिकेट प्रशंसकों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और मारपीट शुरू हो गई।
स्टेडियम में मची अफरा-तफरी, कपड़े फटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे दो पक्षों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उनके बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस झड़प के दौरान एक व्यक्ति के कपड़े तक फट गए, जिससे स्टेडियम में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, स्थिति को ज्यादा बिगड़ने से पहले वहां मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस संबंध में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मैच के दौरान मामूली विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन पुलिस द्वारा तुरंत हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया गया था। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
भारत ने 14 रनों से जीता मुकाबला, सीरीज में 2-1 की बढ़त
मैच के खेल पक्ष की बात करें तो भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 223 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 69 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवरों में 209 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 3, नमन धीर ने 2, जबकि अक्षर पटेल और नीतीश रेड्डी ने 1-1 विकेट चटकाए।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम तीन मैचों की इस टी-20 सीरीज में 2-1 से आगे हो गई है। अब सीरीज का अगला और निर्णायक मुकाबला आगामी 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा


