भोपाल। Nishaanebaz.com-MP Junior Doctors Stipend Hike: मध्य प्रदेश के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) और सुपर स्पेशियलिटी की पढ़ाई कर रहे जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 4.46 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। वित्त विभाग से सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है, जिसे 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
किसे कितना मिलेगा बढ़ा हुआ स्टाइपेंड?
चिकित्सा विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार विभिन्न वर्षों के छात्रों और रेजिडेंट्स के लिए नया मानदेय इस प्रकार तय किया गया है:
- पीजी प्रथम वर्ष: स्टाइपेंड 77,662 रुपये से बढ़ाकर 81,126 रुपये कर दिया गया है।
- पीजी द्वितीय वर्ष: स्टाइपेंड 80,050 रुपये से बढ़ाकर 83,620 रुपये कर दिया गया है।
- पीजी तृतीय वर्ष: स्टाइपेंड 82,441 रुपये से बढ़ाकर 86,118 रुपये कर दिया गया है।
- सीनियर रेजिडेंट: अब 90,803 रुपये के स्थान पर 94,853 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
- जूनियर रेजिडेंट: मानदेय 63,324 रुपये से बढ़ाकर 66,148 रुपये कर दिया गया है।
Read More : CG News: अंबिकापुर में मां-बेटे की संदिग्ध दोहरी हत्या से सनसनी, धोबी समाज ने की हाईलेवल जांच की मांग
प्रदर्शन के बाद सरकार ने लिया निर्णय
गौरतलब है कि पिछले दिनों स्टाइपेंड में वृद्धि को लेकर जूनियर डॉक्टरों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी और प्रदर्शन भी किए गए थे। डॉक्टरों का तर्क था कि बढ़ती महंगाई के बीच लंबे समय से स्टाइपेंड में उचित संशोधन नहीं हुआ था। अब इस बढ़ोतरी से राज्यभर के मेडिकल कॉलेजों के हजारों रेजिडेंट डॉक्टरों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है।


