Keshkal BJP Leader Attack : रामकुमार भारद्वाज – केशकाल/कोण्डागांव (09 फरवरी 2026): कोण्डागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गारका में भाजपा नेता प्रदीप सिन्हा पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी सुन्दर लाल सिन्हा और किशुन सिन्हा ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बाड़ी में काम करते समय हुआ हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 फरवरी की है जब प्रदीप सिन्हा अपने घर की बाड़ी में मजदूरों के साथ फेसिंग (तार-खूँटा) लगाने का काम कर रहे थे। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सुन्दर लाल (60 वर्ष) और किशुन सिन्हा (58 वर्ष) वहाँ पहुँचे और गाली-गलौज करने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि सुन्दर लाल ने प्रदीप के दोनों पैर पकड़ लिए और किशुन ने जान से मारने की नियत से लोहे के सब्बल से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया।
हालत गंभीर, रायपुर में चल रहा इलाज
हमले में प्रदीप सिन्हा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। घायल की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 109, 296, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा और एसडीओपी अरूण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास बघेल और उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद आज सोमवार दोपहर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक हेमंत देवांगन सहित प्रधान आरक्षक संजय बिसेन, ईश्वर नेताम और अन्य आरक्षकों की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।











