Kawardha Crime : कवर्धा। जिले के लिंहाईपुर गांव में हुई एक महिला की सनसनीखेज मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआत में इस घटना को सामान्य मौत बताने की कोशिश की गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई सामने ला दी। रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
Kawardha Crime : जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को सरोजनी बंजारे को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की परिस्थितियां संदिग्ध होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि निर्मम हत्या थी।
Kawardha Crime : मामला पंडरिया थाना क्षेत्र का होने के चलते थाना प्रभारी नितिन कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने मृतका के परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ की, साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी गहन जांच की गई।
Kawardha Crime : जांच के दौरान मृतका के पति दीप सागर बंजारे और ससुर को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। सख्त पूछताछ और उपलब्ध सबूतों के आधार पर पति दीप सागर बंजारे ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी सरोजनी बंजारे की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
Kawardha Crime : आरोपी की स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।













