Kawardha Crime: एक पेड़, एक फंदा और दो जिंदगियां खत्म, दो बच्चों का पिता और अविवाहित युवती…रातों-रात खत्म हुई प्रेम कहानी!

Sanjay Sahu
Kawardha Crime

Kawardha Crime: कवर्धा। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम हथमुड़ी में एक युवक और युवती के शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान छोटू चंद्रवंशी और ज्योति चंद्रवंशी के रूप में हुई है। छोटू शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था, जबकि ज्योति अविवाहित थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

खेत में एक ही फंदे पर मिले शव

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण कृषि कार्य के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर गांव के बाहर एक बबूल के पेड़ पर पड़ी, जहां दोनों के शव एक ही फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल कुंडा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रेम संबंध की बात आई सामने

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छोटू चंद्रवंशी पहले से विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। वहीं ज्योति चंद्रवंशी अविवाहित थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की जानकारी पुलिस को मिली है।

बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे। हालांकि, युवक के विवाहित होने और उसके दो बच्चों के कारण उनके रिश्ते को लेकर पारिवारिक एवं सामाजिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस जांच में जुटी

Kawardha Crime: पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। मृत युवक के दो बच्चों ने अपने पिता को खो दिया है, वहीं युवती के परिवार में भी शोक पसरा हुआ है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *