Raipur Crime: रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी का अपहरण, काली स्कॉर्पियो में जबरन ले गए तीन संदिग्ध; मोबाइल बंद

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को बातचीत के बहाने बुलाकर जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद है।

2 अक्टूबर की दोपहर हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:28 बजे की है। प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत करने के लिए नीचे बुलाया। आरोप है कि नीचे पहुंचते ही उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाया गया और तीनों संदिग्ध उन्हें लेकर वहां से रवाना हो गए।

मोबाइल बंद होने पर परिजनों को हुई चिंता

घटना के बाद परिजनों ने प्रतीक राय से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी देर तक संपर्क नहीं होने के बाद उनकी पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

यूपी पासिंग स्कॉर्पियो पुलिस जांच के केंद्र में

शिकायत के बाद पुलिस ने उस स्कॉर्पियो की जानकारी जुटानी शुरू की, जिसमें कारोबारी को ले जाने का आरोप है। वाहन का नंबर UP 32 RR 7454 बताया जा रहा है। कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिए हैं। पुलिस अब इन नंबरों और वाहन की जानकारी के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों और लापता कारोबारी की तलाश की जा रही है।

Raipur Crime: फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतीक राय को किस वजह से अपने साथ ले जाया गया और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं। कारोबारी की मौजूदा स्थिति और अपहरण के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *