Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Big News : छत्तीसगढ़ बंद के बीच कांकेर में फिर मचा ‘ग़दर’!...

Big News : छत्तीसगढ़ बंद के बीच कांकेर में फिर मचा ‘ग़दर’! गांव वालों ने अब तोड़ा धर्मांतरित महिला का घर, बढ़ा तनाव

KANKER
आमबेड़ा गांव में धर्मांतरण पर टकराव

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर तनाव एक बार फिर सतह पर आ गया है। प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद के बीच उसी आमबेड़ा गांव में हालात बिगड़ गए, जहां कुछ दिन पहले धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर हिंसा हुई थी। बुधवार को गांव में विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने कथित रूप से धर्मांतरित एक महिला के घर को तोड़ दिया।

ग्रामीणों का विरोध, महिला अडिग

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला ने कुछ समय पहले धर्म परिवर्तन किया था। महिला का कहना है कि धर्मांतरण के बाद उसकी तबीयत में सुधार हुआ है और वह किसी भी दबाव में दोबारा धर्म परिवर्तन करने को तैयार नहीं है। इसी बात को लेकर गांव में असंतोष फैल गया और कुछ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उसके घर को नुकसान पहुंचाया।

Read More : Durg News : दुर्ग के OYO से जुड़े क्राउड होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो युवतियां और मैनेजर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ बंद के बीच बढ़ा तनाव

यह घटना ऐसे समय हुई है जब कांकेर जिले समेत पूरे प्रदेश में धर्मांतरण और आमबेड़ा हिंसा के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया गया है। बंद के चलते कई जिलों में बाजार, स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। आमबेड़ा गांव में पहले से ही पुलिस बल तैनात है, लेकिन घटना के बाद सुरक्षा और सख्त कर दी गई है।

प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले हुए विवादों के बाद भी प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे हालात बार-बार बिगड़ रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्थिति पर नजर बनाए प्रशासन

प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की हिंसा या जबरन कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है। पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर चल रही बहस को तेज कर दिया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here