Kailash Vijayvargiya Indore : इंदौर। शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से मचे हाहाकार के बीच कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय खुद कमान संभालने मैदान में उतरे। प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र में एक भी मरीज (जीरो पेशेंट) नहीं रह जाता, वह भागीरथपुरा में ही मौजूद रहेंगे।
मुफ्त इलाज और अतिरिक्त वार्ड के निर्देश: मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंत्री ने बताया कि एमवाय हॉस्पिटल और अरविंदो अस्पताल में अतिरिक्त वार्ड आरक्षित कर दिए गए हैं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि किसी भी अस्पताल को मरीजों से पैसा नहीं लेना है, सभी को उचित और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
चूक स्वीकार की, जांच जारी: मीडिया से चर्चा के दौरान विजयवर्गीय ने स्वीकार किया कि इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर चूक हुई है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि फिलहाल हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। मौतों के आंकड़ों पर उन्होंने कहा कि अभी डॉक्टर और प्रशासन की टीम जांच कर रही है, रिपोर्ट आने के बाद ही सही आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की अपील की ताकि बीमारी के भय को कम किया जा सके।













