Jharkhand News : हजारीबाग। रविवार की सुबह एक और लापरवाही का शिकार हुए दर्जनों मुसाफिर, जब हजारीबाग से कोडरमा स्टेशन जा रही यात्रियों से भरी सिटी राइड बसजामू खाड़ी के पास हाईवे पर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 40 से अधिक यात्री मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का अगला टायर तेज़ रफ्तार के बीच फट गया, और वह सीधे पलटती चली गई। ड्राइवर हादसे से पहले ही बस से कूदकर भाग निकला, लेकिन पीछे बैठे यात्री चीखते-चिल्लाते अंदर फंसे रह गए।
‘बस पहले से ही खटारा थी’ – यात्रियों का आरोप
घायल यात्रियों का आरोप है कि बस न केवल बेहद जर्जर हालत में थी, बल्कि उसमें तय सीमा से कई अधिक सवारी भरी गई थी। एक महिला यात्री ने बताया, “ड्राइवर तो हादसा देखते ही छलांग मार गया, लेकिन हमारी जान तो सांसों पर अटकी रही।”
सुरक्षा की खुली उड़ रही धज्जियां
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर फंसे हुए यात्रियों को बस से निकाला और घायलों को हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार चल रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर झारखंड के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बसों की हालत, जांच और ओवरलोडिंग पर कोई नियंत्रण नहीं है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया है। डीसी ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार दोषी बस मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं।













