Jashpur News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 5 साल के मासूम की हत्या से सनसनी फैल गई है। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी जितेंद्र राम का शव 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे से बरामद हुआ। बच्चे का शव बोरी, कंबल और गोदरी में लपेटकर छिपाया गया था। इस मामले में बच्चे की आंखें और किडनी गायब होने के भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के ममेरे चाचा वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
5 नवंबर से लापता था बच्चा, दो दिन बाद मिला शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम का 5 वर्षीय बेटा जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में बने गड्ढे में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान लापता जितेंद्र राम के रूप में की।
बोरी और कंबल में लपेटकर गड्ढे में छिपाया शव
मासूम का शव खेत में बने गड्ढे के अंदर बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में हत्या करीब दो दिन पहले किए जाने की आशंका जताई गई है।
आंखें और किडनी गायब होने का दावा, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
मामले में सबसे चौंकाने वाला दावा बच्चे की आंखें और किडनी गायब होने को लेकर सामने आया है। इस दावे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि, बच्चे के शरीर से अंग गायब होने की बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक के पिता का ममेरा भाई हिरासत में
पुलिस ने जांच के दौरान वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। वह गोरियापाठ चलनी का निवासी बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि वासुदेव और मृतक के पिता रामजीत राम आपस में ममेरे भाई हैं। पुलिस संदेही से हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
Jashpur News: सन्ना पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 137(1)(ख) और 238(क) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
