रायपुर। Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता का परचम फहराया है। ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ के तहत प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों—राजधानी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। आगामी 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने राज्य सरकार को औपचारिक पत्र भेजकर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की जानकारी दी है।
इस महत्वपूर्ण सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों और हजारों सफाई मित्रों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का पुरस्कृत होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और जागरूक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता का प्रतिफल है, जिन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन में बदला है।
‘बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ की थीम पर मिली सफलता
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी। केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बड़े नगरों के साथ-साथ बिल्हा जैसे छोटे नगरीय निकाय का चयन यह सिद्ध करता है कि बेहतर प्रबंधन, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनसहयोग से राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।
राष्ट्रीय मंच पर सफाई मित्रों को मिलेगा विशेष सम्मान
11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी अमले को विशेष महत्व दिया जाएगा। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा, जिसमें सफाई मित्र, स्वच्छता निरीक्षक और इंजीनियर शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।
‘स्वच्छता केवल पुरस्कार नहीं, जीवनशैली का हिस्सा’
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि स्वच्छता केवल किसी सर्वेक्षण तक सीमित न रहकर नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बने। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की यह राष्ट्रीय उपलब्धि प्रदेश के अन्य सभी निकायों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
