Janjgir Murder Case: हादसा नहीं, हत्या थी: ट्रक के लेन-देन को लेकर दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, शव को कार के नीचे रखकर रचा एक्सीडेंट का नाटक

Sanjay Sahu
Janjgir Murder Case

Janjgir Murder Case: जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के रूप में सामने आई एक संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी। ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की उसके दोस्तों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे रख दिया।

24 जून 2026 को सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 की चपेट में आने से अरविंद सिंह लोधी (26), निवासी सकरी, बिलासपुर की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानते हुए वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस की पूछताछ में खुला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में जांच को आगे बढ़ाया गया। SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और चौकी प्रभारी कोटमीसोनार विनोद जाटवर ने जांच की।

पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर (23), निवासी दीनदयाल कॉलोनी, बिलासपुर से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

शराब पार्टी के बाद हुआ था विवाद

आरोपी ने पुलिस को बताया कि ट्रक के लेन-देन को लेकर उसका मृतक अरविंद से पुराना विवाद था। घटना के दिन शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद हेमंत ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद दोनों ने सबूत मिटाने और हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को कार के नीचे रख दिया।

हत्या की धारा जोड़ी गई

Janjgir Murder Case: जांच में हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस जोड़ी और पहले दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया। घटना में इस्तेमाल कार CG 10 BP 9060 को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *