Janjgir-Champa News: पटवारी-RI पर रिश्वत मांगने का आरोप, गहने गिरवी रखकर दिए 40 हजार फिर भी नहीं हुआ जमीन का बटांकन

Sanjay Sahu
Janjgir-Champa News

Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जमीन के बटांकन को लेकर पटवारी और राजस्व निरीक्षक (RI) पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। कलेक्टर जनदर्शन में पहुंची एक विधवा महिला ने शिकायत की है कि जमीन का बटांकन कराने के लिए उससे 55 हजार रुपये मांगे गए। आर्थिक तंगी के बावजूद उसने अपने गहने गिरवी रखकर 40 हजार रुपये दिए, लेकिन इसके बाद भी उसका काम नहीं हुआ। महिला ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

8 महीने बाद भी नहीं हुआ जमीन का बटांकन

मामला जांजगीर के लिंक रोड स्थित चंदनिया पारा मुख्य मार्ग का है। यहां मीना साहू की पुश्तैनी करीब 2 डिसमिल जमीन है। महिला का कहना है कि बटांकन नहीं होने के कारण वह अपनी जमीन पर मकान नहीं बना पा रही है।

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के उद्देश्य से मीना साहू ने जमीन के बटांकन के लिए तहसीलदार के समक्ष आवेदन दिया था। इसके बाद करीब आठ महीने पहले तहसीलदार ने पटवारी और राजस्व निरीक्षक को बटांकन करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इतने समय बाद भी जमीन का बंटांकन नहीं किया गया।

गहने गिरवी रखकर दिए 40 हजार, फिर भी मांगे जा रहे 15 हजार

महिला का आरोप है कि जमीन का बटांकन करने के एवज में पटवारी और आरआई ने 55 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उसने अपने गहने गिरवी रखकर 40 हजार रुपये दिए। इसके बाद भी काम नहीं हुआ और आरोप के मुताबिक, शेष 15 हजार रुपये देने पर ही बटांकन करने की बात कही जा रही है।

महिला का कहना है कि वह कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर चुकी है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने के बाद आखिरकार उसने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई।

बेटी और नातिन के साथ रहने को मजबूर

मीना साहू ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह अपनी परित्यक्ता बेटी और नातिन के साथ गांव में रहने को मजबूर है। जमीन का बटांकन नहीं होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना घर बनाने का सपना भी अधूरा है।

महिला ने जिला प्रशासन से जल्द जमीन का बटांकन कराने और रिश्वत मांगने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है।

आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर पटवारी

दूसरी ओर, प्रदेशभर के पटवारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। राजस्व पटवारी संघ का कहना है कि PV ऐप के जरिए फसलों के भौतिक सत्यापन के दौरान कई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याएं आ रही हैं। संघ के मुताबिक, इन समस्याओं से शासन और विभाग को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

संघ ने PV ऐप के बहिष्कार को लेकर बलौदाबाजार जिले में पदाधिकारियों और पटवारियों के तबादले तथा कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। वहीं, महासमुंद जिले में पटवारियों के निलंबन की कार्रवाई का विरोध किया गया है।

Janjgir-Champa News: एक ओर महिला ने जमीन के बटांकन के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है, तो दूसरी ओर पटवारियों की हड़ताल से राजस्व विभाग के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *