IPS Padma Vilochan Shukla Barwani : बड़वानी (05 मार्च 2026): बड़वानी जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में पद्म विलोचन शुक्ल ने आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। गुरुवार दोपहर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पत्रकारों से सीधा संवाद किया। श्री शुक्ल अपनी कड़क कार्यशैली के साथ-साथ समाज को जोड़ने वाले अभिनव प्रयोगों के लिए मध्य प्रदेश पुलिस में विशेष पहचान रखते हैं।
नवाचारों से मिली है ख्याति एसपी पद्म विलोचन शुक्ल का अब तक का सफर काफी प्रभावशाली रहा है। झाबुआ में अपने डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने आदिवासी समाज की कुरीतियों पर प्रहार करने के लिए ‘थ्री-डी’ अभियान (डीजे, दहेज-दापा और दारू पर प्रतिबंध) चलाया था, जिसे काफी सराहना मिली। वहीं, रेलवे एसपी के रूप में उन्होंने ‘पटरी की पाठशाला’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए गरीब बच्चों को शिक्षा से जोड़कर पुलिस का मानवीय चेहरा पेश किया था।
बड़वानी की चुनौतियों पर नजर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नवागत एसपी ने स्वीकार किया कि बड़वानी जिले में अवैध हथियारों के लिए चर्चित उमर्टी गांव, बढ़ती चोरियां और सड़क हादसे उनके लिए प्रमुख चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा, “हर जिले और क्षेत्र की परिस्थितियां अलग होती हैं। हम बड़वानी की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों का अध्ययन कर एक ठोस कार्ययोजना बनाएंगे ताकि अपराधों पर प्रभावी लगाम कसी जा सके।”
जनता का विश्वास जीतना प्राथमिकता श्री शुक्ल ने स्पष्ट किया कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना और अपराधियों में खौफ बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील पुलिसिंग के जरिए हम पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाने और पुलिस की छवि को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे। बता दें कि पूर्व एसपी जगदीश डावर की सेवानिवृत्ति के बाद से जिले में स्थाई पुलिस अधीक्षक की प्रतीक्षा की जा रही थी।










