नई दिल्ली| इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 ऑक्शन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, IPL 2026 का ऑक्शन लगभग 13 से 15 दिसंबर के बीच आयोजित होने की संभावना है। हालांकि, बीसीसीआई की गवर्निंग काउंसिल ने अभी तक शेड्यूल की औपचारिक घोषणा नहीं की है।
टीमों के लिए प्लेयर रिटेंशन की आखिरी तारीख 15 नवंबर तय की गई है। इस तारीख तक सभी फ्रेंचाइज़ियों को उन खिलाड़ियों के नाम बीसीसीआई को देना होंगे जिन्हें वे ऑक्शन से पहले रिटेन करना या रिलीज करना चाहती हैं। इस प्रक्रिया के बाद ही टीमों में बड़े बदलाव की योजना तय होगी। फिलहाल इस समय बड़े बदलाव की संभावना कम है, सिवाय चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के, जो पिछले सीजन में पॉइंट टेबल में सबसे नीचे रहे थे।
Read More : CG News : बालोद की महिलाओं ने लगाई मुख्यमंत्री से अपील : रीपा इकाई चालू कर हमें जीने दें
चेन्नई सुपर किंग्स की रिलीज लिस्ट में दीपक हुड्डा, विजय शंकर, राहुल त्रिपाठी, सैम करन और डेवोन कॉनवे के नाम शामिल होने की संभावना है। पांच बार की IPL चैम्पियन CSK के पास आर अश्विन के रिटायर होने के बाद 9.75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट पहले ही उपलब्ध हो चुका है।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स की रिलीज लिस्ट में संजू सैमसन सबसे ऊपर हो सकते हैं। इसके अलावा वानिंदु हसरंगा और महीश तीक्ष्णा को रिलीज करने की योजना भी चर्चा में थी, लेकिन कुमार संगकारा के हेड कोच बनने के बाद इस योजना में बदलाव संभव है।
टी नटराजन, मिचेल स्टार्क, आकाश दीप, मयंक यादव, डेविड मिलर और अन्य खिलाड़ी नई फ्रेंचाइज़ियों की तलाश में हो सकते हैं। वेंकटेश अय्यर, जो पिछली नीलामी में तीसरे सबसे महंगे खरीदे गए खिलाड़ी थे और कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, का भी ऐसा ही मामला है।
सूत्रों के अनुसार, कैमरन ग्रीन इस ऑक्शन में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले खिलाड़ी हो सकते हैं। कंगारू ऑलराउंडर पिछली नीलामी चोट के कारण मिस कर चुके थे, इसलिए इस बार उन्हें बड़ी कीमत मिल सकती है।
IPL ऑक्शन की जगह अभी तक तय नहीं हुई है। पिछली दो नीलामी विदेशी धरती पर हुई थीं – 2023 में दुबई और 2024 में जेद्दा (सऊदी अरब)। हालांकि, इस बार मिनी ऑक्शन भारत में भी हो सकता है, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय अभी लिया जाना बाकी है।













