इंदौर: शहर के रंगवासा क्षेत्र में स्थित पीएस लैब पर खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग को यहां फर्जी रिपोर्ट तैयार किए जाने की आशंका थी, जिसके बाद यह छापेमार कार्रवाई की गई।
500 रिपोर्ट और दवाइयां जब्त
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने करीब 500 टेस्ट रिपोर्ट्स और विभिन्न दवाइयां जब्त की हैं। मौके से कफ सिरप, आईवी फ्लूइड सहित अन्य दवाओं की टेस्टिंग रिपोर्ट्स भी बरामद हुई हैं। कंप्यूटर सिस्टम से भी कई डिजिटल रिपोर्ट्स जब्त की गईं।
बिना मेडिकल डिवाइस लाइसेंस संचालन
अधिकारियों के अनुसार, लैब के पास मेडिकल डिवाइस का आवश्यक लाइसेंस नहीं है, इसके बावजूद यहां दवाइयों की जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही थी। यह गंभीर अनियमितता मानी जा रही है।
Read More : M.P News : मऊगंज रेलवे स्टेशन की पार्किंग में हंगामा, अवैध वसूली के आरोपों पर पूर्व विधायक धरने पर
कई जिलों से आती थीं दवाइयां
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इंदौर सहित प्रदेश के कई जिलों से दवाइयां टेस्टिंग के लिए इस लैब में भेजी जाती थीं। मौके से अलग-अलग जिलों से आई दवाइयों की रिपोर्ट्स भी जब्त की गई हैं।
भोपाल में हुई थी शिकायत
बताया जा रहा है कि लैब में फर्जी रिपोर्ट तैयार किए जाने की शिकायत भोपाल स्तर पर पहुंची थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जांच के बाद होगा खुलासा
अधिकारियों का कहना है कि जब्त की गई रिपोर्ट्स और दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि रिपोर्ट्स फर्जी थीं या नियमों के तहत तैयार की गई थीं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।











