Indore Crime: इंदौर। चोरी की गाड़ियों को कबाड़ में काटकर उनके इंजन और अन्य पार्ट्स बेचने के मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रानीपुरा के दौलतगंज इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कबाड़ की दुकान से चोरी के दोपहिया वाहनों के 12 इंजन और बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अल्ताफ अंसारी और अरशद अंसारी के रूप में हुई है। अल्ताफ अंसारी के पूर्व कांग्रेस पार्षद अंसाफ अंसारी का बेटा होने के चलते मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच आपराधिक एंगल से कर रही है।
कबाड़ के कारोबार की आड़ में चल रहा था खेल
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि रानीपुरा के दौलतगंज इलाके में कबाड़ के कारोबार की आड़ में चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स और इंजन खपाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की गाड़ियां खरीदने के बाद उन्हें काटकर इंजन और अन्य उपयोगी पार्ट्स अलग कर देते थे। इसके बाद इन पार्ट्स को अलग-अलग तरीके से बेचने का काम किया जाता था।
3 इंजन के नंबर घिसे मिले
Indore Crime: तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 12 इंजन के साथ बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स मिले। इनमें से तीन इंजन के नंबर घिसे हुए पाए गए। पुलिस को आशंका है कि वाहनों की पहचान छिपाने के लिए इंजन नंबर मिटाए गए थे।
बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी बरामद इंजन और वाहन पार्ट्स के संबंध में कोई वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर सके।
चोरी की गाड़ियां कहां से आती थीं? जांच जारी
क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 115/2026 में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गाड़ियां आरोपियों तक कहां से पहुंचती थीं, उन्हें चोरी के वाहन कौन उपलब्ध कराता था और कबाड़ की दुकान की आड़ में यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था।
Indore News: राजा रघुवंशी के नाम पर चल रहा था ढाबा! शराब परोसते पकड़े गए दोनों भाई गिरफ्तार
Indore Crime: पुलिस पूछताछ के आधार पर चोरी के वाहन नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी और 12 इंजन की बरामदगी के बाद अब पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।पूर्व कांग्रेस पार्षद के बेटे की गिरफ्तारी के बाद मामला चर्चा में जरूर है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच का फोकस चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त और उनके पार्ट्स को खपाने वाले नेटवर्क का पता लगाने पर है।




