नई दिल्ली/रायपुर : रेल मंत्रालय ने एक बार फिर ट्रेनों के यात्री किराए में वृद्धि की है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। अब यात्रियों को हर एक किलोमीटर पर 1 से 2 पैसे अधिक देने होंगे। हालांकि, सामान्य श्रेणी में 215 किलोमीटर तक यात्रा करने वालों पर नई दरें लागू नहीं होंगी। 215 किमी से अधिक दूरी पर सामान्य श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में 2 पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ा दिया गया है।
किराया बढ़ने का असर
उदाहरण के तौर पर, रायपुर से नई दिल्ली (1388 किमी) तक की यात्रा पर एसी या नॉन-एसी कोच में 28 रुपये की बढ़ोतरी होगी। यदि टिकट की वर्तमान कीमत 2315 रु. है, तो अब यह 2343 रु. हो जाएगा। वहीं उपनगरीय सेवाओं और मासिक सीजन टिकट (MST) का किराया नहीं बढ़ाया गया है।
Read More : Indore में रुचि ग्रुप के ठिकानों पर ED की छापेमारी, 23 लाख रुपए नकद जब्त, कई रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइस जप्त
प्रमुख मार्गों में नई दरें
-
बिलासपुर–रायपुर (110 किमी): मेल-एक्सप्रेस में 2–3 रु. बढ़ोतरी, साधारण में कोई बदलाव नहीं।
-
रायपुर–दुर्ग (40 किमी): मेल-एक्सप्रेस में 1 रु. से भी कम।
-
रायपुर–कोरबा (200 किमी): 4 रु. तक बढ़ोतरी।
-
रायपुर–रायगढ़ (250 किमी): 5 रु. अतिरिक्त।
-
रायपुर–अंबिकापुर (350 किमी): 6–7 रु. बढ़ोतरी।
बढ़ोतरी का कारण
रेल मंत्रालय के अनुसार, देशभर में ट्रेनों का ऑपरेशन खर्च 2.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिसमें रेल सुरक्षा खर्च 1.15 लाख करोड़ है। किराया बढ़ाने से रेलवे को सालाना 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होगी।
स्पेशल ट्रेनों की सुविधा
रेलवे ने क्रिसमस और नए साल के अवसर पर 244 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रेलवे और भी ट्रेनों की घोषणा कर सकता है।













