India vs Pakistan Asian Games 2026: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने मुकाबला 15 रन से अपने नाम कर लिया।भारत की जीत में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार 61 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 51 रन बनाकर नाबाद लौटे। शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
अभिषेक शर्मा ने मचाया तूफान
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।अभिषेक ने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी ने भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी।संजू सैमसन 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने 18 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।
तिलक और शिवम ने आखिरी ओवरों में बरसाए रन
मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 51 रन बनाए। उनका साथ शिवम दुबे ने दिया। दोनों ने तेजी से रन जुटाए और भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।19वें ओवर में तिलक और शिवम ने पाकिस्तान के गेंदबाज सईम अयूब के खिलाफ 23 रन बटोरे। शिवम 15 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन भारत निर्धारित 20 ओवर में 211 रन तक पहुंच गया।
Read More: CG NEWS: घरघोड़ा महाविद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान, NSS स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ाई
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वाशिंगटन सुंदर ने कप्तान साहिबजादा फरहान को 10 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।इसके बाद अक्षर पटेल ने उस्मान खान को 3 रन पर आउट किया। अक्षर ने माज सदाकत को भी पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान दबाव में आ गया।
हसन नवाज ने अकेले संभाला मोर्चा
पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 96 रन की बड़ी पारी खेली और अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की।एक समय पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 117 रन था और टीम को जीत के लिए 7 ओवर में 95 रन की जरूरत थी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की। सैम अयूब 29 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार हुए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने अब्दुल समद को पवेलियन भेज दिया।भारत की ओर से अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए।
भारत ने 15 रन से जीता फाइनल
आखिरी ओवरों में पाकिस्तान को जीत के लिए लगातार बड़े शॉट्स की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन ही बना सका।भारत ने 15 रन से मुकाबला जीतकर एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
भारत की प्लेइंग-XI
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान की प्लेइंग-XI
साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सईम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद और सुफियान मुकीम।






