Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh Sehore Collectorate : कलेक्ट्रेट परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा : सरेराह मारपीट से...

Sehore Collectorate : कलेक्ट्रेट परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा : सरेराह मारपीट से मची अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी

Sehore Collectorate : सीहोर (सुनील शर्मा)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में आज उस समय सनसनी फैल गई, जब न्याय की उम्मीद में आए दो पक्ष किसी विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कलेक्ट्रेट परिसर एक अखाड़े में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान वहां मौजूद लोग और कर्मचारी हतप्रभ रह गए और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट की यह घटना काफी देर तक चलती रही। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर में इस तरह की घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

इस पूरी घटना का किसी प्रत्यक्षदर्शी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते साफ नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और दोनों पक्ष किस काम से कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।

विवाद की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

परिसर में मौजूद नागरिकों का कहना है कि प्रशासन के नाक के नीचे इस तरह की मारपीट होना दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल पुलिस विवाद के असली कारणों का पता लगाने के लिए दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here