निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में एक बार फिर अव्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर इलाज के लिए पहुंचे परिजनों के बीच अचानक विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में किसी बात को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हाथ उठाने लगे। इमरजेंसी गेट पर हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई।
Read More : M.P News : भोपाल में पेट्रोल-डीजल की कमी की खबर फर्जी, प्रशासन ने जारी की सख्त SOP
इमरजेंसी गेट पर मचा हड़कंप
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल बन गया। इमरजेंसी सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित होती नजर आईं।
सुरक्षा गार्ड्स ने संभाली स्थिति
हंगामा बढ़ता देख हमीदिया अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और समझाइश देकर अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठते सवाल
यह पहली बार नहीं है जब हमीदिया अस्पताल में इस तरह की घटना सामने आई हो। आए दिन हो रही मारपीट और हंगामे की घटनाओं से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन के सामने अब चुनौती यह है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा को कैसे मजबूत किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित माहौल मिल सके।











