Gwalior News : ग्वालियर। पंचायत चुनाव के पुराने विवाद में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग बेताल सिंह को रास्ते में गोली मार दी गई। बुजुर्ग घर से बीड़ी लेने निकले थे और लौटते समय तीन लोगों—श्यामवीर, यशवीर और जनवेद—ने उन्हें घेरकर फायरिंग कर दी। गोली उनकी जांघ में लगी।
Gwalior News : घटना आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम बडेरा भारस के पास हुई। बेताल सिंह अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रोककर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वे बाइक से गिर गए और आरोपी मौके से भाग खड़े हुए।
परिजनों ने तुरंत उन्हें ग्वालियर स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल बेताल सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान उनके भतीजे के साथ भी मारपीट हुई थी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। यही रंजिश फायरिंग का कारण मानी जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी हुई है और ट्रॉमा सेंटर में घायल की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।











