Gwalior Cyber Fraud: ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली और आगरा घूमने की योजना बना रही सेना अधिकारी की पत्नी फर्जी होटल वेबसाइट के झांसे में आ गईं। ठग ने खुद को होटल मैनेजर बताकर एडवांस बुकिंग के नाम पर 50 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलते ही आरोपी ने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। शिकायत मिलने के बाद मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
गूगल पर होटल सर्च करना पड़ा महंगा
Gwalior Cyber Fraud: जानकारी के अनुसार, मामला मुरार थाना क्षेत्र स्थित एसबी कॉलोनी का है। यहां रहने वाले सिद्धार्थ मिश्रा की पत्नी जूही पाण्डेय ने परिवार के साथ दिल्ली और आगरा घूमने का कार्यक्रम बनाया था। यात्रा के दौरान ठहरने के लिए उन्होंने गूगल पर होटल सर्च किया।
सर्च के दौरान उन्हें “कटोई बाग मेरियट” नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को होटल का मैनेजर हरीश अग्रवाल बताया।
बुकिंग के नाम पर तीन बार में ऐंठे ₹50 हजार
आरोपी ने पांच दिन के ठहरने का किराया करीब 50 हजार रुपये बताया और बुकिंग कन्फर्म करने के लिए एडवांस भुगतान करने को कहा।विश्वास में लेकर उसने अलग-अलग UPI आईडी भेजीं, जिन पर जूही पाण्डेय ने तीन किस्तों में कुल 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रसीद मांगी तो कर दिया ब्लॉक
Gwalior Cyber Fraud: भुगतान करने के बाद जब जूही ने होटल बुकिंग की रसीद और कन्फर्मेशन मांगा तो आरोपी ने पहले टालमटोल की और फिर उनका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।इसके बाद उन्हें ठगी की आशंका हुई।
असली होटल से संपर्क किया तो खुली ठगी की पोल
शक होने पर जूही ने होटल का आधिकारिक नंबर खोजकर संपर्क किया। वहां से उन्हें पता चला कि उनके नाम से कोई बुकिंग ही नहीं हुई है और जिस वेबसाइट के जरिए उन्होंने भुगतान किया था, वह पूरी तरह फर्जी थी।इसके बाद उन्होंने तुरंत मुरार थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
साइबर ठगों की तलाश में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर मुरार थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रांजेक्शन डिटेल, यूपीआई आईडी और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ऑनलाइन बुकिंग करते समय रखें ये सावधानियां
Gwalior Cyber Fraud: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि होटल बुकिंग से पहले केवल आधिकारिक वेबसाइट या भरोसेमंद ट्रैवल प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। गूगल पर दिखाई देने वाले किसी भी नंबर पर बिना पुष्टि किए भुगतान न करें और एडवांस राशि भेजने से पहले होटल से आधिकारिक माध्यम से बुकिंग की पुष्टि जरूर कर लें।







