नई दिल्ली। त्योहारों से पहले सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 13 अक्टूबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹1,23,769 पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं चांदी भी ₹1,52,700 प्रति किलो के भाव पर पहुंचकर रिकॉर्ड बना चुकी है। एक दिन में सोने में ₹2,244 और चांदी में ₹8,625 की वृद्धि दर्ज की गई।
त्योहारों और अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
दिवाली और धनतेरस से पहले खरीदारी का दौर शुरू हो चुका है। परंपरागत रूप से इन त्योहारों पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है, जिससे डिमांड तेजी से बढ़ी है। वहीं, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के चलते निवेशक सोने को ‘सेफ हेवन’ के रूप में अपना रहे हैं। केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद भी सोने के दाम को नई ऊंचाई पर पहुंचा रही है।
चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल
इसी तरह, औद्योगिक मांग और रुपए की कमजोरी के चलते चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल आया है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और मेडिकल उपकरणों में इस्तेमाल बढ़ने से इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि औद्योगिक मांग और सीमित सप्लाई के कारण आने वाले महीनों में भी चांदी में तेजी बनी रह सकती है।
सालभर में सोना-चांदी की चमक दोगुनी
31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹76,162 का था, जो अब ₹1,23,769 पर पहुंच गया है। यानी एक साल से भी कम समय में ₹47,000 से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, चांदी ₹86,017 से बढ़कर ₹1,52,700 प्रति किलो हो गई है। यह बढ़ोतरी निवेशकों के लिए सोना-चांदी दोनों को बेहद आकर्षक बना रही है।
Read More : CG News : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 15 और 16 अक्टूबर को रहेंगे राजनांदगांव प्रवास पर
आगे क्या? ₹1.5 लाख तक जा सकता है सोना
गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 तक सोना $5000 प्रति औंस यानी लगभग ₹1,55,000 प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं, मार्केट विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में मुनाफा वसूली की संभावना के बावजूद लंबी अवधि में सोने-चांदी दोनों में मजबूती बनी रहेगी।
निवेश का बेहतर विकल्प: गोल्ड ETF
एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर आप इस धनतेरस पर निवेश का विचार कर रहे हैं, तो पारंपरिक गहनों के बजाय गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। इस साल टॉप-6 ETFs ने 66% से अधिक रिटर्न दिया है। सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क और प्रमाणित स्रोत से ही खरीदारी करने की सलाह दी गई है।











