Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh Girgaon Panchayat Shooting : सुलह के लिए बुलाई गई पंचायत में बरसीं...

Girgaon Panchayat Shooting : सुलह के लिए बुलाई गई पंचायत में बरसीं गोलियां; पुरानी दुश्मनी में युवक के सिर में मारी गोली, हालत गंभीर

Girgaon Panchayat Shooting : ग्वालियर (17 फरवरी 2026): ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरगांव में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब समाज की पंचायत के दौरान एक युवक पर सरेआम गोली चला दी गई। पुरानी रंजिश को खत्म करने के उद्देश्य से बुलाई गई यह पंचायत खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। हमले में डालचंद गुर्जर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसके सिर के पिछले हिस्से में गोली लगी है।

पंचायत में सुलह की जगह चली गोली

जानकारी के अनुसार, लगभग एक महीने पहले डालचंद गुर्जर का अपने ही समाज के केशव सिंह गुर्जर और रामसेवक गुर्जर से विवाद हुआ था। उस समय डालचंद ने केशव की पिटाई कर दी थी। इसी अपमान का बदला लेने और मामले को रफा-दफा करने के लिए मंगलवार को गांव के वरिष्ठ लोगों ने एक पंचायत बुलाई थी। लेकिन केशव और रामसेवक सुलह के मूड में नहीं थे। बातचीत के दौरान जैसे ही गाली-गलौज शुरू हुई, केशव ने अपनी बंदूक निकाली और डालचंद के सिर में गोली मार दी।

ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत की जंग

गोली लगते ही डालचंद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिससे पंचायत में भगदड़ मच गई। परिजन तुरंत घायल डालचंद को लेकर ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, गोली सिर के पिछले हिस्से में लगी है जिससे काफी क्षति हुई है और डालचंद की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

हमलावरों की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर केशव सिंह गुर्जर और रामसेवक गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

नागेंद्र सिकरवार, सीएसपी, ग्वालियर

“महाराजपुरा थाना क्षेत्र के गिरगांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। पंचायत के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के डालचंद गुर्जर पर गोली चला दी, जो उसके सिर में लगी है। घायल का उपचार जारी है। हमने हमलावरों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here