Gendatola Liquor Shop Dispute : हेमंत वर्मा – छुरिया/राजनांदगांव (26 फरवरी 2026): राजनांदगांव जिले के छुरिया ब्लॉक अंतर्गत आने वाले प्रमुख ग्राम गेंदाटोला में संचालित शराब दुकान अब स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। पूर्व विधायक छन्नी साहू के नेतृत्व में आज सैकड़ों ग्रामीणों ने शराब भट्टी पर धावा बोलकर उसे तत्काल बंद करने या अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
छात्राओं के साथ बदसलूकी का गंभीर आरोप विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक छन्नी साहू ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग पर शराब भट्टी होने के कारण यहाँ से गुजरने वाली स्कूली छात्राओं को भारी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। शराबी सड़क पर गाड़ियाँ खड़ी कर देते हैं और छात्राओं पर गंदे कमेंट्स करते हैं। छन्नी साहू के अनुसार, शराबी बेखौफ होकर छात्राओं से कहते हैं— “आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा।” इस तरह की फब्तियों के कारण ग्रामीण महिलाओं और बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
प्रमुख बाजार और खेतीहर मजदूर प्रभावित गेंदाटोला क्षेत्र का एक व्यापारिक केंद्र है, जहाँ आस-पास के 20-25 गांवों के लोग खरीदारी और काम के लिए आते हैं। मेन रोड पर भट्टी होने से खेतीहर मजदूरों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। सड़क किनारे बिखरे डिस्पोजल, पानी के पाउच और कांच के टुकड़ों ने स्वच्छता अभियान की भी धज्जियां उड़ा दी हैं।
राजस्व बनाम जनहित आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रदेश सरकार पूर्व में बंद हुई शराब भट्टियों को दोबारा खोलकर केवल राजस्व बढ़ाने में लगी है, जबकि ग्रामीणों की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।
निदान की प्रतीक्षा फिलहाल, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के जुटने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा।











