Gariaband Crime : गरियाबंद : गरियाबंद पुलिस ने सूने मकानों और दुकानों में चोरी करने वाले शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड बाप-बेटा समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा के नवरंगपुर जिले के सूरज बारीक (21) और उसका पिता भुवनेश्वर बारीक (39) शामिल हैं। इनके साथ भूपेंद्र नेताम (20), लिंगराज नेताम (22), देवाशीष राउत रॉय और रायपुर निवासी प्रीत मिस्त्री को भी गिरफ्तार किया गया है।
Gariaband Crime : एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अमलीपदर थाना में एक और देवभोग थाना में तीन मामले दर्ज हैं। ये सभी वारदातें 31 मार्च से 14 अक्टूबर के बीच की हैं, जब गिरोह ने कई सूने घरों और दुकानों में सेंधमारी की। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 305, 331(4) और 317 के तहत अपराध दर्ज किया है।
Gariaband Crime : पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए 96 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लगभग 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, चोरी के पैसों से खरीदी गई ब्रेजा कार और एक बाइक भी जब्त की गई है। इस मामले के खुलासे में साइबर सेल, अमलीपदर और देवभोग पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।
Gariaband Crime : मामला तब खुला जब चोरी किए गए मोबाइलों में से तीन मोबाइल एक्टिव हुए। साइबर सेल ने तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए खरीदार की लोकेशन ट्रेस की और पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर देवभोग के किराए के मकान से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी भुवनेश्वर बारीक अपने बेटे और साथियों के साथ इलाके में रेकी करता था और सूने मकानों को निशाना बनाता था।
Gariaband Crime : पूछताछ में आरोपियों ने देवभोग और उरमाल के तीन ज्वेलरी शॉप से लाखों के जेवरात चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने रायपुर में छापा मारकर चोरी किए गए करीब 2 किलो चांदी और सोने के गहने भी बरामद किए। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वालों को भी गिरफ्तार कर लिया है।











