G RAM G Scheme : भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास की नई दिशा ‘G RAM G’ (जी राम जी) योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पिछली मनरेगा योजना पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 20 साल पहले आई यह योजना अब भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी थी। शिवराज ने आरोप लगाया कि मनरेगा में मजदूरों के हक पर डाका डाला जा रहा था और काम मजदूरों के बजाय मशीनों और ठेकेदारों से कराया जा रहा था, जिससे न तो गांवों का विकास हुआ और न ही श्रमिकों को सही लाभ मिला।
शिवराज सिंह चौहान ने नई योजना ‘G RAM G’ के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि अब मजदूरों को रोजगार की गारंटी 100 दिन से बढ़ाकर 120 दिन कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था में ‘ओवर स्टेटमेंट’ बनाना और एक ही काम को बार-बार दिखाने जैसी विसंगतियां थीं। इसे दूर करने के लिए प्रशासनिक व्यय को 6% से बढ़ाकर 9% किया गया है, ताकि सहायक स्टाफ को समय पर वेतन मिल सके और कार्य में पारदर्शिता आए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पंजाब सरकार द्वारा इस कानून के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव लाने की खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे संवैधानिक संसदीय व्यवस्था के खिलाफ ‘अमर्यादित और अंधविरोध’ करार दिया। शिवराज ने पंजाब सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि वहां आधे से अधिक गांवों का ऑडिट तक नहीं हुआ है और भ्रष्टाचार करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पंजाब में मजदूरों को भुगतान न मिलना एक गंभीर समस्या बन चुका है।
राजनीतिक चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अत्यंत तेज गति से काम कर रहे हैं और उनमें उनसे भी अधिक ऊर्जा है। शिवराज ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व और मार्गदर्शन की भी सराहना की।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह के हालिया बयानों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ‘कल्पना लोक’ में रहते हैं और उन्हें जमीनी हकीकत का ज्ञान नहीं है। वहीं दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस की तारीफ किए जाने के मामले पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपनी बुद्धि और विवेक से काम लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में बिना वजह हंगामा कर विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने अंत में कहा कि नई योजना में राज्यों को यह अधिकार दिया गया है कि वे खेती की बुवाई और कटाई के सीजन के दौरान योजना के कार्यों को स्थगित कर सकेंगे, ताकि कृषि कार्यों के लिए मजदूरों की कमी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘जी राम जी’ योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी और भ्रष्टाचार के पुराने ढर्रे को पूरी तरह समाप्त कर देगी।











