इंदौर। शहर के नाम पर सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने वाले एक फेक वीडियो पेज के खिलाफ इंदौर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तीन अलग-अलग विवादित और भ्रामक वीडियो पोस्ट करने वाले पेज के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन वीडियो को इंदौर मेट्रो, एंबुलेंस ब्लास्ट और नगर निगम से जोड़कर वायरल किया गया था, जिससे शहर में भ्रम की स्थिति बन गई थी।
पुलिस के मुताबिक, पहला वीडियो एक मेट्रो ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे युवक का था, जिसे इंदौर मेट्रो का बताकर सोशल मीडिया पर फैलाया गया, जबकि असल में यह वीडियो किसी और शहर का था। इस पर मेट्रो अथॉरिटी ने सख्ती दिखाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई।
दूसरा वीडियो एंबुलेंस में धमाके का था, जिसे इंदौर की घटना बताकर प्रसारित किया गया, जबकि वीडियो किसी अन्य राज्य का था। इस पर CMHO (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) ने एफआईआर दर्ज करवाई।
तीसरे मामले में नगर निगम को अभद्र भाषा में गालियां देने और अपमानजनक वीडियो डालने वाले व्यक्ति पर नगर निगम आयुक्त की शिकायत पर केस दर्ज हुआ।
चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों वीडियो एक ही सोशल मीडिया पेज से वायरल हुए, जिससे साफ है कि यह किसी सुनियोजित प्रचार या अफवाह फैलाने की कोशिश का हिस्सा था।
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी असत्यापित वीडियो या जानकारी को शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











