Wednesday, August 26, 2026
Home Chhattisgarh Governor Ramen Deka Speech : छत्तीसगढ़ विधानसभा: राज्यपाल ने पढ़ा ‘विकसित राज्य’...

Governor Ramen Deka Speech : छत्तीसगढ़ विधानसभा: राज्यपाल ने पढ़ा ‘विकसित राज्य’ का संकल्प पत्र; किसानों को बोनस और बस्तर में शांति पर विशेष जोर

 Governor Ramen Deka Speech : रायपुर, 23 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ की छठी विधानसभा के आठवें सत्र का आगाज सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ हुआ। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नवीन विधानसभा भवन में आयोजित इस प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने ‘अंजोर’ विजन डॉक्यूमेंट के जरिए वर्ष 2047 तक प्रदेश को देश के अग्रणी विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का ब्लूप्रिष्ट पेश किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अब छत्तीसगढ़ बारूद के धुएं से निकलकर विकास की नई इबारत लिख रहा है।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में अन्नदाताओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत होली से पूर्व प्रदेश के किसानों को 10,292 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि इस वर्ष रिकॉर्ड 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इसके अलावा, दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए अनुदान राशि को पांच गुना बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया गया है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

बस्तर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से माओवादी आतंकवाद अब अपने अंतिम दौर में है। पिछले दो वर्षों में 532 माओवादियों का सफाया और 2704 का आत्मसमर्पण सरकार की बड़ी सफलता है। उन्होंने ‘नियद नेल्ला नार’ (आपका अच्छा गांव) योजना की सराहना करते हुए बताया कि कैसे अब अंदरूनी गांवों तक सड़क, बिजली, मोबाइल टावर और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही हैं। बस्तर में अब भय नहीं, बल्कि ‘बस्तर ओलंपिक’ और ‘बस्तर पंडुम’ के माध्यम से जनजातीय गौरव की गूंज सुनाई दे रही है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की नीतियों को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने इस वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की। महतारी वंदन योजना के तहत 69 लाख महिलाओं को मिल रही निरंतर आर्थिक सहायता और 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति को उन्होंने सामाजिक सुरक्षा का आधार स्तंभ बताया। साथ ही, स्वास्थ्य क्षेत्र में सिकल सेल के उन्मूलन और पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को प्रदेश के भविष्य के लिए क्रांतिकारी कदम करार दिया।

अंत में, राज्यपाल ने औद्योगिक निवेश और आधुनिक तकनीक पर जोर देते हुए कहा कि नई औद्योगिक नीति के माध्यम से प्रदेश में 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। सेमीकंडक्टर, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में हो रहे नवाचार छत्तीसगढ़ को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने नवा रायपुर में ‘साइंस सिटी’ और ‘एस्ट्रो पार्क’ की स्थापना को बच्चों और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रयास बताया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here