Entertainment : नई दिल्ली। 29 जुलाई का दिन टीवी दर्शकों के लिए खास रहा, जब एकता कपूर का पॉपुलर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ दोबारा लॉन्च हुआ। करीब 25 साल बाद यह शो फिर से टेलीविजन पर वापसी कर चुका है और शुरुआत से ही दर्शकों का प्यार बटोर रहा है।
Read More : CRIME NEWS: बुरहनपुर जिले में अवैध मदिरा संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
शो में इस बार ज़्यादातर कलाकार नए हैं, जबकि कुछ पुराने चेहरे भी नजर आए हैं। सीरियल का लुक और प्रोडक्शन क्वालिटी काफी आधुनिक और प्रभावशाली दिखाई दे रही है।
शो को लॉन्च हुए अभी सिर्फ एक हफ्ता हुआ है और इस दौरान इसकी टीआरपी रेटिंग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। BARC के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पहले एपिसोड को 2.5 टीआरपी मिली थी, वहीं एक हफ्ते बाद शो को 2.3 टीआरपी के साथ टॉप पोजीशन पर देखा गया है। ‘क्योंकि सास…’ और ‘अनुपमा’ दोनों ही 2.3 टीआरपी के साथ पहले स्थान पर हैं।
बीते पांच वर्षों में यह पहला शो है जिसे लॉन्च के साथ ही इतनी उच्च टीआरपी मिली है। तुलना करें तो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को 2.1 और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ को 2.0 टीआरपी प्राप्त हुई थी।
स्मृति ईरानी, जिन्होंने पहली बार इस शो में ‘तुलसी’ का किरदार निभाया था, उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि आज के समय में टीवी की टीआरपी एकदम बदल चुकी है। उन्होंने याद किया कि 25 साल पहले इस शो की टीआरपी 31 तक पहुंची थी, जो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ जैसे शो को भी पीछे छोड़ गई थी। लेकिन आज के दौर में सिंगल डिजिट टीआरपी को ही बड़ी सफलता माना जाता है।
दर्शकों ने इस शो की वापसी का जोरदार स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने लिखा कि शो ने पुराने दिनों की यादें ताजा कर दी हैं। कई लोगों ने तुलसी और मिहीर की केमिस्ट्री को फिर से देख कर भावुक प्रतिक्रिया दी है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि एकता कपूर ने एक बार फिर भारतीय परिवारों को साथ बैठकर टीवी देखने का कारण दे दिया है।
जो दर्शक इस शो को देखना चाहते हैं, वे इसे सोमवार से रविवार रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियो सिनेमा (हॉटस्टार) पर देख सकते हैं।













