मुंबई। Nishaanebaz.com-Amitabh Bachchan 84th Birthday: हिंदी सिनेमा जगत के महानायक और सदी के सबसे लोकप्रिय अभिनेता अमिताभ बच्चन आज अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर देश-दुनिया से उनके चाहने वाले, फिल्मी सितारे और तमाम दिग्गज उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। वहीं, उनके लोकप्रिय टेलीविजन क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) के सेट पर बिग बी को एक ऐसा अनमोल तोहफा मिला, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया और वे कैमरे के सामने ही पूरी तरह भावुक हो गए।
मां की आवाज सुन पुरानी यादों में खोए बिग बी
अमिताभ बच्चन के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए KBC 18 के मेकर्स ने एक बेहद खास ऑडियो-विजुअल रिकॉर्डिंग तैयार की थी। इस रिकॉर्डिंग में उनके पिता और महान कवि हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध कविता ‘रात आधी हो गई है’ उनकी दिवंगत मां तेजी बच्चन की मूल आवाज में सुनाई गई। स्टूडियो में जैसे ही तेजी बच्चन की आवाज गूंजी, अमिताभ बच्चन कुछ पलों के लिए पूरी तरह शांत हो गए और अपनी मां से जुड़ी पुरानी स्मृतियों में खो गए। स्क्रीन पर उनके और उनकी मां की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं, जिसे देखकर उनकी आंखें नम हो गईं।
भावुक पलों को साझा करते हुए अमिताभ बच्चन ने शो के दौरान बताया कि यह उनकी मां की आवाज है, जो बाबूजी की कविता को पाठ कर रही हैं। शो में मौजूद लोगों और बाल कलाकारों की प्रस्तुत, और एक कलाकार द्वारा यह कहे जाने पर कि “अमिताभ बच्चन सिर्फ एक सुपरस्टार या होस्ट नहीं, बल्कि पूरे भारत का इमोशन हैं,” माहौल और भी ज्यादा भावनात्मक हो गया।
84 की उम्र में भी बेजोड़ ऊर्जा के साथ सक्रिय हैं बिग बी
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के युगपुरुष रहे हैं, जबकि उनकी मां तेजी बच्चन सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों से जुड़ी एक प्रतिष्ठित महिला थीं। अपने लंबे और शानदार फिल्मी सफर में अभिनय से लेकर टेलीविजन तक अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले अमिताभ बच्चन 84 वर्ष की आयु में भी उतनी ही ऊर्जा के साथ फिल्मों और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर मुंबई स्थित उनके आवास ‘जलसा’ के बाहर सुबह से ही फैंस का तांता लगा हुआ है।


