दुर्ग: शहर में सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने की कोशिश करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वाहन से उतरकर नकली पिस्टल लहराते हुए लोगों में डर का माहौल बनाया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से नकली पिस्तौल जब्त कर ली।
वायरल वीडियो से बढ़ी सुरक्षा चिंता
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपियों ने वर्ष 2019 में यह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। जांच में पता चला कि तीनों आरोपी मोहन नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
Read More : C.G Crime : तीन साल बाद आया न्याय! खैरागढ़ हत्या कांड में आरोपी को उम्रकैद की सजा
स्टेशन रोड पर लोगों को डराने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, सुमित बाजार के पास स्टेशन रोड क्षेत्र में आरोपियों ने वाहन से उतरकर नकली पिस्टल के जरिए लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, चेतावनी भी दी
जांच के बाद पुलिस ने जयदीप कांडा, गगनप्रीत सिंह और पवनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की हरकत सार्वजनिक शांति भंग करने वाली पाई गई।
पुलिस ने तीनों से भविष्य में ऐसी गतिविधि न करने की सख्त चेतावनी दी और माफी भी मंगवाई।
सोशल मीडिया स्टंट पर पुलिस की नजर
एएसपी ने कहा कि आजकल कई युवा सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में खतरनाक स्टंट और आपत्तिजनक हरकतें कर रहे हैं, जिनका समाज पर नकारात्मक असर पड़ता है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













