Katni Road Accident : कटनी। बड़वारा थाना अंतर्गत नेगवा ग्राम के पास नेशनल हाईवे पर आज एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ जिसे देखकर प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कांप गई। मात्र कुछ ही सेकंड के अंतराल में एक ही स्थान पर दो बड़े सड़क हादसे हो गए, जिसमें एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार सवार दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे का घटनाक्रम: हादसे की शुरुआत दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत से हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर गिरे एक बाइक सवार को बेरहमी से रौंद दिया, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई।
मदद को रुकी कार बनी शिकार: दिल दहला देने वाली बात यह रही कि इस हादसे को देखकर पीछे से आ रही एक कार के ड्राइवर ने मानवीयता दिखाते हुए गाड़ी रोकी। अभी कार रुकी ही थी कि पीछे से आ रहे एक अन्य अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दूसरे हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो महिलाएं व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
CCTV में कैद हुई मौत: यह पूरा घटनाक्रम हाईवे पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे चंद सेकंड के भीतर लापरवाही और तेज रफ्तार ने हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रकों की तलाश शुरू कर दी है।













