Dongle Public School : धार। नगर के जाने-माने नोटरी वकील और डोंगले पब्लिक स्कूल के संचालक विनोद डोंगले शुक्रवार, 24 अक्टूबर को कुछ ऐसा देखकर हैरान रह गए, जिसकी उम्मीद किसी ने भी नहीं की थी। जब उन्होंने अपने डिमैट अकाउंट में लॉगिन किया, तो देखा कि उनके खाते में हर्सिल एग्रो लिमिटेड कंपनी के 1312 शेयर दर्ज हैं, जिनकी कुल वैल्यू 28 अरब 17 करोड़ 41 लाख 29 हजार 408 रुपए दिखाई दे रही थी।
शेयर की कीमत प्रति शेयर 2 करोड़ 14 लाख 74 हजार रुपए दर्शा रही थी। इतनी बड़ी रकम देखकर डोंगले पहले तो विश्वास ही नहीं कर पाए और उन्हें लगा जैसे उनकी किस्मत ने अचानक करवट ले ली हो। कुछ ही पलों के लिए वे वास्तविकता और सपने के बीच उलझ गए।
Dongle Public School : हालांकि, कुछ देर बाद सच्चाई सामने आई और यह तकनीकी गड़बड़ी (Technical Glitch) निकली। शेयर की वैल्यू जल्द ही अपने मूल भाव पर लौट गई, जिससे डोंगले केवल कुछ मिनटों के लिए ही अरबपति बने रहे।
इस घटना पर विनोद डोंगले ने मुस्कुराते हुए कहा, “मेरे खाते में 2817 करोड़ रुपये देखना भी एक सपना था। जो आज भले कुछ मिनटों के लिए ही सही, लेकिन पूरा हो गया।”
धामनोद नगर में इस अनोखी घटना के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोग मज़ाक में कहने लगे, “भले सपने में ही सही, पर एक दिन के लिए अरबपति तो बन ही गए!”
भले ही यह रकम केवल तकनीकी कारण से दिखाई दी, लेकिन इस घटना ने नगरवासियों को हैरानी, हंसी और जिज्ञासा से भर दिया। कई लोग इस खबर को सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहे हैं और इसे मजेदार किस्सों की तरह पेश कर रहे हैं।













