Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी वनांचल में धर्मांतरित महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत नवागांव में महिला की मौत के बाद शव दफनाने को लेकर परिजन और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
जानकारी के मुताबिक, नवागांव निवासी महेश्वरी साहू की मौत के बाद शव को गांव में दफनाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने परिवार के ईसाई धर्म अपनाने का हवाला देते हुए गांव में शव दफनाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और विवाद की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों की ओर से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने की मांग रखी गई। बातचीत के बाद परिवार ने हिंदू परंपरा के अनुसार महिला का अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई। इसके बाद ग्रामीणों ने भी सशर्त दाह संस्कार की अनुमति दे दी।
Dhamtari News: विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया। सहमति बनने के बाद फिलहाल मामला शांत हो गया है। हालांकि, इस घटना के बाद क्षेत्र में धर्मांतरण और अंतिम संस्कार की परंपराओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।