Wednesday, August 26, 2026
Home Madhya Pradesh Datia Bypoll: दतिया में भाजपा की टिकट पर सियासी भूचाल! नरोत्तम मिश्रा...

Datia Bypoll: दतिया में भाजपा की टिकट पर सियासी भूचाल! नरोत्तम मिश्रा की टिकट कटने के बाद बेकाबू हुए समर्थक, रातभर हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव; कई गिरफ्तार, SAF की 3 कंपनियां तैनात

Datia Bypoll:  दतिया। मध्यप्रदेश की राजनीति में दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के भीतर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की टिकट कटने की खबर के बाद दतिया में उनके समर्थकों का आक्रोश खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। देर रात शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देखते-देखते उग्र आंदोलन में बदल गया। हजारों समर्थकों ने हाईवे पर जाम लगाकर पार्टी नेतृत्व के फैसले का विरोध किया, जिससे कई घंटों तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि देर रात से ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नरोत्तम मिश्रा समर्थकों की बड़ी संख्या दतिया में एकत्रित होने लगी थी। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पार्टी के निर्णय पर नाराजगी जताई और हाईवे पर धरना देकर आवागमन रोक दिया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और पूरा इलाका जाम की चपेट में आ गया। प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन देर रात तक कोई समाधान नहीं निकल सका।

READ MORE: MP BJP Appointments: मध्य प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा का संगठन विस्तार 19 जिलों में नई जिलाध्यक्षों की नियुक्ति, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी

Datia Bypoll: सुबह होते-होते हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन समाप्त कराने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया और उपद्रव में शामिल कई लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल स्वयं मौके पर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पूरे घटनाक्रम की कमान संभाली और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।

Datia Bypoll: कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दतिया में स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। शहर के प्रमुख चौराहों, भाजपा कार्यालय, हाईवे और अन्य संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और लगातार पुलिस गश्त जारी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उपद्रव और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिन लोगों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की है, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार किए गए समर्थकों से भी पूछताछ जारी है।

READ MORE: MP में सियासत गरमाई! नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटते ही दिग्विजय सिंह ने शेयर की तीखी पोस्ट

Datia Bypoll: दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम के बाद दतिया की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। टिकट को लेकर भाजपा के भीतर मचे इस बवाल ने उपचुनाव से पहले राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरे जिले में अलर्ट जारी रखा गया है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि शांति व्यवस्था किसी भी कीमत पर प्रभावित न हो।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here