Raipur Crime News: रायपुर के डूमरतराई में आधी रात को वारदात, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को पीटकर पैसे छीने

0
84

Raipur Crime News: रायपुर: राजधानी रायपुर के माना कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरतराई इलाके में देर रात एक युवक के साथ लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने सड़क पर जा रहे एक रियल एस्टेट कंपनी के कर्मचारी के सिर पर पीछे से वार कर उसे गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने सरेराह लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और जेब में रखे ₹19,000 नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑफिस से भुगतान लेकर गृह ग्राम पखांजूर लौट रहा था पीड़ित

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित निलेश घोष (उम्र 26 वर्ष) मूल रूप से कांकेर जिले के पखांजूर का रहने वाला है। वह वर्तमान में रायपुर के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित वेलफेयर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है और यहीं एक स्थानीय रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत है।

14 जून की रात करीब एक बजे निलेश अपनी कंपनी से मिले भुगतान के ₹19,000 नकद लेकर अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव पखांजूर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में डूमरतराई स्थित एक पेट्रोल पंप पर उसने अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया।

सिर पर वार कर गिराया, फिर दी जान से मारने की धमकी

पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे बढ़ते ही पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने निलेश की गाड़ी को ओवरटेक करते हुए रोक लिया। इससे पहले कि निलेश कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे ₹19,000 लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

घटना के तीन दिन बाद दर्ज हुई FIR, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

गंभीर रूप से घायल पीड़ित ने ठीक होने के बाद घटना के तीन दिन बाद मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई। माना कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत लूट का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि डूमरतराई पेट्रोल पंप और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की बाइकों के नंबर और उनकी पहचान सुनिश्चित कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here