Mahasamund Crime News: 4.56 करोड़ का गांजा जब्त, शराब ठेके का मालिक निकला मास्टरमाइंड, यूपी के शामली से गिरफ्तार

0
84

Mahasamund Crime News: पिथौरा/महासमुंद: छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के व्यापार को जड़ से खत्म करने के लिए चलाई जा रही ‘सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक’ (End-to-End) विशेष मुहिम के तहत एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसना थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य रिसीवर, फाइनेंसर और नशा माफिया विनय शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई राज्यों में करीब 10 शराब और भांग के ठेकों का संचालन करता है, जिसकी आड़ में वह इस काले साम्राज्य को ऑपरेट कर रहा था।

पलसापाली बैरियर पर केलों के नीचे छिपाया था 912 किलो गांजा

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ था जब बसना पुलिस ने बीती 17 अप्रैल को पलसापाली बैरियर पर घेराबंदी कर एक आयशर माल वाहक वाहन (AP 39 TT 4556) को जांच के लिए रोका था। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने वाहन में कच्चे केलों के नीचे 29 प्लास्टिक बोरियों में कुल 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा छिपाकर रखा था। इस जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई थी। मौके से पुलिस ने वाहन के साथ-साथ 4 फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की थीं। जांच में पता चला कि यह खेप ओडिशा के कंधमाल से लोड होकर उत्तर प्रदेश के शामली में विनय शर्मा के पास भेजी जा रही थी।

सीडीआर और तकनीकी विश्लेषण से पकड़ा गया मास्टरमाइंड

वाहन चालक अब्दुल नईम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की परतें खोलना शुरू किया। पूर्व में पकड़े गए बिचौलिए राम कुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर के मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से यह साबित हो गया कि इस करोड़ों के नेटवर्क का असली मालिक विनय शर्मा (50) ही है। इसके बाद बसना थाने से एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश भेजी गई, जिसने शामली पुलिस के सहयोग से 17 जून को आरोपी को धर दबोचा। आरोपी को शामली की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत करा लिया गया है और पुलिस टीम उसे महासमुंद ला रही है।

सप्लायर से खरीदार तक… पूरा सिंडिकेट अब सलाखों के पीछे

महासमुंद पुलिस ने इस मामले में कड़ियां जोड़ते हुए अब तक कुल 5 मुख्य आरोपियों को जेल भेज दिया है, जिसमें मुख्य रिसीवर विनय कुमार शर्मा (यूपी), कैरियर अब्दुल नईम (झारखंड), मिडिलमैन रामजी ठाकुर और ओडिशा के कंधमाल निवासी मुख्य सप्लायर रमाकांत बेहरा व बबूल नायक शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मास्टरमाइंड से होने वाली पूछताछ में छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई अन्य सफेदपोशों और नशा तस्करों के नामों का खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here