Cricket : बेंगलुरु | बेंगलुरु के ऐतिहासिक एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर एक चौंकाने वाली जांच रिपोर्ट सामने आई है। स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए “बुनियादी रूप से असुरक्षित” करार दिया गया है। यह वही स्टेडियम है जहां इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के बाद आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक घायल हो गए थे।
जांच रिपोर्ट के बड़े खुलासे
कर्नाटक सरकार द्वारा गठित जस्टिस जॉन माइकल डी’कुन्हा आयोग की रिपोर्ट को हाल ही में राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिली। रिपोर्ट में स्टेडियम की संरचना को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप न होने की बात स्पष्ट रूप से कही गई है:
- स्टेडियम में पर्याप्त एंट्री और एग्जिट गेट नहीं हैं।
- आपातकालीन निकासी योजना का पूरी तरह अभाव है।
- आसपास की सड़कें अत्यधिक भीड़भाड़ वाली हैं।
- पार्किंग की व्यवस्था बेहद सीमित है।
महिला वर्ल्ड कप और IPL पर संकट
गौरतलब है कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में महिला वर्ल्ड कप 2025 के चार मुकाबले आयोजित होने हैं, और अगर पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता, तो फाइनल मैच भी यहीं होना है। इसके अलावा स्टेडियम में अगले साल IPL और WPL के मैच भी प्रस्तावित हैं।
अब न्यायिक रिपोर्ट के बाद इन आयोजनों की मेज़बानी पर गंभीर संशय खड़ा हो गया है।
कर्नाटक सरकार की सख्ती
सरकार ने रिपोर्ट के आधार पर RCB, KSCA (कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ), DNA एंटरटेनमेंट और बेंगलुरु पुलिस के अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
- घटना के समय सिर्फ 79 पुलिसकर्मी स्टेडियम के अंदर तैनात थे।
- बाहरी क्षेत्र में कोई सुरक्षा तैनाती नहीं थी।
- एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी।
- संयुक्त पुलिस आयुक्त 30 मिनट देर से पहुंचे।
न्यायिक सिफारिशें
जांच आयोग ने सिफारिश की है कि भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को केवल उन्हीं स्टेडियमों में आयोजित किया जाए, जो सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों।











