Chhattisgarh Tourism Fake Booking: छत्तीसगढ़ घूमने का बना रहे हैं प्लान? फर्जी बुकिंग से रहें सावधान, पर्यटन बोर्ड ने जारी किया अलर्ट

Sanjay Sahu
Chhattisgarh Tourism Fake Booking

Chhattisgarh Tourism Fake Booking: रायपुर। Nishaanebaz News: अगर आप छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो बुकिंग करते समय सावधानी बरतें। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने फर्जी वेबसाइटों और अनधिकृत बुकिंग के जरिए होने वाली ठगी को लेकर पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया है।

पर्यटन बोर्ड के मुताबिक, कुछ अनधिकृत वेबसाइट और ऑनलाइन माध्यम छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की सुविधा देने का दावा कर रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी की जा सकती है।

केवल आधिकारिक वेबसाइट से करें बुकिंग

बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि पर्यटन स्थलों, होटल, आवास और अन्य पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in का इस्तेमाल करें।

किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर, विज्ञापन या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग करने से बचें।

फर्जी वेबसाइट से रहें सावधान

साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, लोगो, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर नकली वेबसाइट या बुकिंग पेज बना सकते हैं। इन माध्यमों से कम कीमत पर होटल, पर्यटन आवास या घूमने के पैकेज का लालच दिया जा सकता है।

पर्यटन बोर्ड ने कहा है कि किसी भी भुगतान से पहले वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की अच्छी तरह जांच करें। किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते, संदिग्ध भुगतान माध्यम या अनजान मोबाइल नंबर पर पैसे न भेजें।

कम कीमत और तुरंत भुगतान के दबाव से बचें

अगर कोई आपको बहुत कम कीमत में बुकिंग, आकर्षक टूर पैकेज या तुरंत भुगतान करने का दबाव डालता है, तो सावधान हो जाएं। ऐसे ऑफर की पहले आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें।

पर्यटन संबंधी जानकारी और बुकिंग के लिए रायपुर स्थित गढ़ कलेवा के सूचना केंद्र और प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौजूद पर्यटन सूचना केंद्रों से भी संपर्क किया जा सकता है। इन केंद्रों से पर्यटन स्थलों और उपलब्ध आवासों की जानकारी ली जा सकती है।

संदेह होने पर हेल्पलाइन से करें पुष्टि

किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की विश्वसनीयता को लेकर संदेह हो तो भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड की हेल्पलाइन पर संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।

छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
+91-7714224600
18001026415

Chhattisgarh Tourism Fake Booking: पर्यटन बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय केवल अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों का इस्तेमाल करें। फर्जी वेबसाइट, संदिग्ध बुकिंग ऑफर और अनधिकृत भुगतान माध्यमों से बचकर पर्यटक अपनी यात्रा को सुरक्षित रख सकते हैं।

 

READ MORE: सावन के आखिरी सोमवार पर बन रहा खास संयोग! इन 4 जगहों पर जरूर जलाएं दीपक

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *