रायपुर। Nishaanebaz.com-Raipur Police Ganja Seizure: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान 5 आरोपियों और विधि से संघर्षरत एक बालक सहित कुल 6 तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा है। अंतरराष्ट्रीय व स्थानीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत लगभग 64 लाख रुपये आंकी गई है।
Read More : MP Nana Connection Film: मध्य प्रदेश से रहा नाना पाटेकर का गहरा जुड़ाव, पचमढ़ी और ग्वालियर में की थी शूटिंग
यह पूरी सफलता एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गंज और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम को मिली है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पहली कार्रवाई गंज थाना क्षेत्र में 7 अक्टूबर को की गई, जहां रेलवे स्टेशन की ओर ऑटो से जा रहे संदिग्धों की तलाशी में फाफाडीह चौक के पास 82.51 किलोग्राम गांजा मिला। इस मामले में मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू को गिरफ्तार कर 41.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास 8 अक्टूबर को की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कान्हू डाकुआ, सुमित भट्टाचार्य और एक नाबालिग को पकड़ा, जिनके पास से 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये है। पुलिस ने दोनों मामलों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से गांजे की इस बड़ी खेप की सप्लाई लाइन, फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के इस अंतरराज्यीय नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि रायपुर कमिश्नरेट पुलिस अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जिनके पास से विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों समेत लगभग 6.31 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।






