रायपुर। Nishaanebaz.com-IPS Santosh Singh DMRC Charge: केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो (DMRC) की सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। प्रशासनिक दक्षता और सुरक्षा प्रबंधन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें सीआईएसएफ (CISF) में डीआईजी (उप महानिरीक्षक) के रूप में पदस्थ कर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो भारत की सबसे बड़ी और व्यस्ततम त्वरित परिवहन प्रणालियों में से एक है। 271 स्टेशनों वाले इस विस्तृत नेटवर्क के जरिए दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पड़ोसी शहरों को जोड़ा जाता है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने एक ही दिन में लगभग 82.45 लाख यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया था। इतने बड़े नेटवर्क और दैनिक लाखों यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा अब आईपीएस संतोष सिंह के नेतृत्व में रहेगा।
आईपीएस संतोष सिंह अपनी संवेदनशील पुलिसिंग और कम्युनिटी पुलिसिंग के सफल प्रयोगों के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में अपने सेवा काल के दौरान वे राज्य के 9 प्रमुख जिलों— रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में एसपी तथा एसएसपी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
दिल्ली मेट्रो की जिम्मेदारी संभालने से ठीक पहले वे हैदराबाद में सीआईएसएफ के डीआईजी (साउथ ज़ोन-2) के पद पर तैनात थे। वहां वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के अति-संवेदनशील औद्योगिक व रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ देश के पूर्वी तट के प्रमुख बंदरगाहों की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख कर रहे थे। अब उनके अनुभव का लाभ राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मिलेगा।






