सक्ती। Nishaanebaz.com-Sakti School Teacher FIR: सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 9वीं के एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर चंद्रपुर थाना पुलिस ने विद्यालय के प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम (JJ Act) की धारा 75 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read More : IPS Santosh Singh DMRC Charge: छत्तीसगढ़ कैडर के IPS संतोष सिंह संभालेंगे दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा कमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का पुत्र छत्रपति गुप्ता सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर में कक्षा 9वीं का छात्र है और विद्यालय परिसर में स्थित छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है। परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, बीते 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्र छात्रावास के बाथरूम के पास अपने एक सहपाठी से बातचीत कर रहा था। आरोप है कि उसी दौरान प्राचार्य जगन्नाथ नायक वहां पहुंचे और छात्र के साथ अकारण गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
सक्ती के चंद्रपुर में 9वीं के छात्र से मारपीट के आरोप में स्कूल प्राचार्य पर FIR। पुलिस ने BNS और JJ Act की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
#सक्ती #चंद्रपुर #स्कूलप्राचार्य #छात्र #Sakti #Chandrapur #SchoolCrime #FIR #Chhattisgarh #Nishaanebaz https://t.co/NohxSlWIHi
— News (@khalkho_ji) October 8, 2026
शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य ने छात्र को हाथ-मुक्कों से पीटने के साथ ही उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन देर रात करीब 10 बजे विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद चंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। घटना से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस साक्ष्यों का संकलन कर रही है।
चंद्रपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्राचार्य के विरुद्ध मामला पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस द्वारा मामले में पीड़ित छात्र, परिजनों और विद्यालय के गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद से छात्र के परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।






