जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़। जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने डकैती के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एनएसयूआई (NSUI) का नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर भी शामिल है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल और पाँच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
कांग्रेस पर अपराध की पटकथा लिखने का आरोप: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
इस मामले पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “जांजगीर ही नहीं, जहाँ भी अपराध हुए हैं, कांग्रेस की संलिप्तता मिली है।”
उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अपराध की पटकथा लिख रही है।” उन्होंने इसके समर्थन में अन्य घटनाओं का भी जिक्र किया:
- एक विधायक का रेत माफिया से वसूली का ऑडियो वायरल हुआ है।
- एक विधायक बलौदाबाजार आगजनी कांड में सहभागी रहे हैं।
- एक विधायक शराब घोटाला मामले में जेल में बंद हैं।
देर रात दुकान का शटर तोड़ते पकड़े गए आरोपी
जांजगीर नगर पुलिस अधीक्षक योगिता खापर्डे ने बताया कि यह घटना 5 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे की है। पेंड्री रोड स्थित श्याम सुपर मार्किट के मालिक राहुल अग्रवाल ने दुकान का शटर तोड़ने की आवाज सुनी। बाहर आकर उन्होंने देखा कि तीन नकाबपोश युवक शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। शोर मचाने पर वे भागने लगे।
READ MORE : Gwalior : रात के सन्नाटे में ताबड़तोड़ गोलीबारी, घर में सो रहे परिवार ने बचाई जान; आरोपी की तलाश जारी
सूचना मिलते ही गश्त पर निकली पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी ने घेराबंदी कर आरोपियों को कुछ दूरी पर ही दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से पिस्टल, पाँच जिंदा कारतूस, दो लोहे के सब्बल और एक बाइक बरामद की गई।
पुलिस ने इस मामले में मनीष कुमार बनवा, चैतन्य दिनकर, हितेश दिनकर, जितेंद्र दिनकर और तरुण सूर्यबंशी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने पिस्टल और कारतूस जितेंद्र दिनकर से ही खरीदा था, जो जांजगीर एनएसयूआई का नगर अध्यक्ष है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (आर्म्स एक्ट 25 सहित) में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।











