Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Chhattisgarh News: दर्दनाक हादसा: छत्तीसगढ़ में दो कच्चे मकान ढहे, रायगढ़ में...

Chhattisgarh News: दर्दनाक हादसा: छत्तीसगढ़ में दो कच्चे मकान ढहे, रायगढ़ में महिला की मौत; गरियाबंद में 4 लोग घायल

Chhattisgarh News
Chhattisgarh News

Chhattisgarh News:रायगढ़/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में देर रात अलग-अलग जिलों में कच्चे मकान ढहने से दो हादसे हो गए। रायगढ़ जिले में मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। वहीं गरियाबंद जिले में सो रहे परिवार के ऊपर मकान गिरने से चार लोग घायल हो गए। लगातार बारिश और बाढ़ के बीच हुए इन हादसों के बाद राहत और बचाव कार्य में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

रायगढ़ में परिवार पर गिरा कच्चा मकान

पहली घटना रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक के नंदेली गांव की है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (42) और 13 वर्षीय बेटा शिवम महंत मौजूद थे। मकान गिरने से तीनों मलबे में दबकर घायल हो गए।

महिला की इलाज के दौरान मौत

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया। सभी को पुसौर अस्पताल पहुंचाया गया। रोहिणी महंत की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। वहीं रतन महंत और उनके बेटे शिवम का इलाज जारी है।

गरियाबंद में सोते परिवार पर गिरा मकान

दूसरी घटना गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक के राजापड़ाव क्षेत्र के गौरगांव की है। यहां आधी रात को सो रहे परिवार के ऊपर कच्चा मकान अचानक गिर गया। हादसे में परिवार के चार लोग घायल हो गए। मकान गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे।

बाढ़ के बीच खाट के सहारे नदी पार कर पहुंचाया अस्पताल

Chhattisgarh News: इलाके में बाढ़ की स्थिति होने के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से खाट के सहारे नदी पार कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मैनपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमों ने स्थिति का जायजा लिया है। लगातार बारिश और बाढ़ के कारण ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों को लेकर खतरा बढ़ गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here