Nishaanebaz News Desk-Chhattisgarh Junior Women Hockey Team: छत्तीसगढ़ जूनियर महिला हॉकी टीम ने पुणे में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर विमेंस नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत की है। रविवार को छत्तीसगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को रोमांचक मुकाबले में 6-4 से हराया। अब टीम के सामने मध्यप्रदेश की चुनौती है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला सोमवार यानी 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ जूनियर महिला हॉकी टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ टीम ने लगातार गोल करने के मौके बनाए और आखिर में 6-4 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।छत्तीसगढ़ की ओर से यशोदा, शीतल और नेहा ने गोल दागकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है।
अब MP के खिलाफ होगी असली परीक्षा
पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद अब छत्तीसगढ़ के सामने मध्यप्रदेश की मजबूत टीम होगी। छत्तीसगढ़ जूनियर महिला हॉकी टीम और हॉकी MP के बीच मुकाबला सोमवार को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा।यह मैच दोनों टीमों के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि पिछले साल भी दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं। उस मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने ट्राई ब्रेकर के जरिए मध्यप्रदेश को हराया था।
Read More: CG News: भिलाई में कलश यात्रा के बीच चोरों का आतंक! 11 हजार महिलाओं की भीड़ में 4-5 चेन स्नैचिंग से हड़कंप
पिछले साल की हार का बदला लेना चाहेगी MP
पिछले साल मिली हार मध्यप्रदेश की टीम के लिए इस मुकाबले को और खास बना रही है। इस बार MP की टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की कोशिश करेगी।वहीं छत्तीसगढ़ जूनियर महिला हॉकी टीम की कोशिश अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की होगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ की टीम में ये खिलाड़ी शामिल
छत्तीसगढ़ की टीम की कमान रुखमणि संभाल रही हैं। टीम में गोलकीपर विशाखा और अथोकपम मालेमंगनबी चानू के अलावा यशोदा, नेहा कुमारी, दामिनी खुसरो, जिज्ञाषा कश्यप, परमेश्वरी सोढ़ी, शीतल यादव, काव्या सिंह ठाकुर और आंचल शामिल हैं।इसके अलावा केशरानी साहू, दुबी राहत, अंजलि इक्का, नेहा धुर्वे, वसुन्धरा मंडावी, स्मिता कुजूर और योगिता भी टीम का हिस्सा हैं।टीम के कोच शाकिल अहमद हैं, जबकि आशा थोमस मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
MP की टीम भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में
हॉकी MP की टीम में ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, मुरैना, जबलपुर, अशोकनगर, रायसेन, मंदसौर और सिवनी समेत कई शहरों की खिलाड़ी शामिल हैं।टीम में अपूर्वा बुंदेला, राधिका दंडोतिया, समीक्षा यादव, काजल, तन्वी, नंदिनी चिड़ार, कुदरत, आमना अजीज, सानिया सैयद, कनक पाल, मिताली शर्मा और चंचल यादव जैसी खिलाड़ी शामिल हैं।MP टीम के कोच प्रवीन कुमार पसेरिया हैं और अंशू साहू मैनेजर हैं।
आज दोपहर 3 बजे नजरें महामुकाबले पर
छत्तीसगढ़ जूनियर महिला हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में जीत के साथ अपना इरादा साफ कर दिया है। अब MP के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए अगली बड़ी परीक्षा होगा।एक तरफ छत्तीसगढ़ जीत की लय कायम रखना चाहेगा, तो दूसरी तरफ मध्यप्रदेश पिछले साल की हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान में उतर सकता है। ऐसे में सोमवार दोपहर 3 बजे होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट के अहम मुकाबलों में से एक रहने की उम्मीद है।





